कुल्टी :- आसनसोल नगर निगम के कुल्टी बोरो कार्यालय में गुरुवार को उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने बिन बताए दबिश दी। पुलिस टीम के पहुंचते ही कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
अधिकारियों ने कार्यालय में रखे तमाम महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला और वहां मौजूद कर्मचारियों व अधिकारियों से कई विषयों पर घंटों पूछताछ की। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई के उद्देश्य को लेकर पुलिस या स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह रेड राज्य भर में नगर पालिकाओं के माध्यम से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में हुई कथित धांधली से जुड़ी हुई है। कोलकाता नगर निगम के कई बोरो कार्यालयों समेत पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में पुलिस एक साथ यह अभियान चला रही है। फिलहाल कुल्टी कार्यालय से प्रमाण पत्रों से संबंधित कागजातों की बारीकी से जांच की जा रही है और पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



0 Comments