आसनसोल :- पश्चिम बंगाल के प्रमुख पर्यटन स्थल कल्याणेश्वरी में एक ही रात दो जगह दुस्साहसिक चोरी की घटना से हड़कंप मच गया है। कुल्टी थाना क्षेत्र के 'आसा रिसॉर्ट' और 'आपणजन लॉज' में चोरों ने धावा बोलकर लाखों का सामान पार कर दिया। पहली वारदात 'आसा रिसॉर्ट' में हुई, जहाँ चोरों ने कैश बॉक्स तोड़कर लगभग 57 हजार रुपये नकद उड़ा लिए। पहचान छुपाने के मकसद से वे रिसॉर्ट का सीसीटीवी DVR भी साथ ले गए। इसके तुरंत बाद चोरों ने बगल के 'आपणजन लॉज' को निशाना बनाया। वहाँ हुगली से घूमने आए पर्यटकों के कमरे की खिड़की से हाथ डालकर एक कीमती आईफोन और एक एंड्रॉइड फोन चुरा लिया। इतना ही नहीं, चोरों ने कमरे से बाइक की चाबी निकालकर बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी पार कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची।
लॉज के सीसीटीवी फुटेज की जाँच में शेख रिकबुल नामक स्थानीय युवक की पहचान हुई है, जो पहले भी कई चोरियों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। पास में ही पुलिस चौकी होने के बावजूद हुई इस घटना से स्थानीय होटल मालिकों और पर्यटकों में भारी आक्रोश और सुरक्षा को लेकर डर व्याप्त है।




0 Comments