रानीगंज श्री गुरु नानक विद्यालय में दो नवनिर्मित कक्ष का विधायक ने किया उद्घाटन

रानीगंज :- रानीगंज के पंजाबी मोड़ रामबगान स्थित श्री गुरु नानक विद्यालय हाई स्कूल में स्थानीय विधायक पार्थ घोष का आगमन हुआ, जहां उन्होंने फीता काटकर विद्यालय के 2 नवनिर्मित कक्षों का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर शमशेर सिंह, राम सिंह, मदन त्रिवेदी, सुरेन्द्र सिंह, हरजीत सिंह, रविन्द्र सिंह, सुशोभन कोनार, राम तारबे, रामेश्वर चौरसिया सहित विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य ऋषि कुमार त्रिपाठी ने विधायक के समक्ष विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर विधायक पार्थ घोष ने छात्रों के प्रदर्शन और शिक्षकों के समर्पण की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि छात्रों द्वारा इतने प्रेम और आदर के साथ जो सम्मान मुझे दिया गया है, उससे मैं बेहद प्रसन्न हूं। विद्यालय में शिक्षकों की कमी की समस्या से मैं अवगत हुआ हूं और इसे शीघ्र दूर करने का पूरा प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने राज्य के कुल 80,375 स्कूलों के लिए 296 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता राशि स्वीकृत की है। यह आर्थिक मदद सरकारी और अर्ध-सरकारी स्कूलों को 'कंपोजिट स्कूल ग्रांट फंड' के तहत दी जाएगी। राज्य ​सरकार का मानना है कि राज्य में शैक्षणिक बुनियादी ढांचे के विकास, बच्चों को स्कूल से जोड़े रखने और प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सरकारी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना आवश्यक है। यदि सरकारी स्कूलों को निजी शिक्षण संस्थानों के समकक्ष नहीं बनाया गया, तो अभिभावक निजी स्कूलों की ओर आकर्षित होंगे। इसीलिए सरकारी स्कूलों को उस स्तर तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।


प्रधानाचार्य ऋषि कुमार त्रिपाठी ने विद्यालय को समय देने, छात्रों का उत्साह बढ़ाने और शिक्षकों की कमी जैसी गंभीर समस्या को सुनकर उसके समाधान का ठोस आश्वासन देने के लिए विधायक पार्थ घोष तथा उपस्थित स्थानीय नेतृत्व के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments