दुर्गापुर :- बिहार से कोलकाता की ओर ले जाए जा रहे मवेशियों से भरे एक ट्रक को दुर्गापुर पुलिस ने पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद भाजपा के दुर्गापुर विभाग प्रभारी एवं युवा नेता पारिजात गांगुली ने पुलिस की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाकर धन्यवाद दिया। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर फरिदपुर पुलिस चौकी की टीम ने अभियान चलाकर मवेशियों से भरे एक ट्रक को रोक लिया। जांच के दौरान ट्रक से 21 मवेशियों को बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
सोमवार को भाजपा युवा नेता पारिजात गांगुली मिठाई का डिब्बा लेकर फरिदपुर पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने प्रभारी अधिकारी सुसीम सरकार सहित पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाकर गो-तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाई के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पारिजात गांगुली ने कहा कि लंबे समय बाद पुलिस गो-तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करती दिखाई दे रही है। उनका दावा था कि पहले इस तरह की कार्रवाई कम देखने को मिलती थी, जबकि अब कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिक सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि इसी कारण आम नागरिकों की ओर से पुलिस का सम्मान और धन्यवाद किया जा रहा है।



0 Comments