दुर्गापुर स्टील प्लांट मजदूर यूनियन के ऑफिस में BJP का हंगामा और तोड़फोड़, नौकरी के नाम पर कटमनी लेने का आरोप

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर स्टील टाउनशिप के चैतन्य एवेन्यू इलाके में शुक्रवार को भारी तनाव फैल गया। यहां दुर्गापुर स्टील प्लांट आईएनटीटीयूसी (INTTUC) मजदूर यूनियन के कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कथित तौर पर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ की। इस विरोध-प्रदर्शन में मुख्य रूप से महिलाएं शामिल थीं, जिन्होंने तृणमूल कांग्रेस समर्थित श्रमिक संगठन के नेताओं को अपने निशाने पर लिया।


प्रदर्शनकारियों का गंभीर आरोप है कि इस यूनियन कार्यालय से ही आईएनटीटीयूसी नेता बंटी सिंह और जयंत रक्षित ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से मोटी कटमनी (रिश्वत) ली थी। इसी शिकायत को लेकर भाजपा समर्थक कार्यालय के भीतर घुस गए और नौकरी के नाम पर ली गई कटमनी वापस करने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। हंगामा और तोड़फोड़ करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में ताला जड़ दिया और वहां से चले गए। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाने की एक विशाल पुलिस वाहिनी तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हालांकि इलाके में अब भी तनाव का माहौल है, लेकिन फिलहाल पूरी स्थिति पुलिस की कड़ी निगरानी में है।


गौरतलब है कि इलाके में राजनीतिक सरगर्मी पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ी हुई है। बीते 1 जुलाई को ही दुर्गापुर स्टील प्लांट मजदूर यूनियन के इसी कार्यालय में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र राय की जयंती के उपलक्ष्य में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डोला सेन मुख्य रूप से उपस्थित हुई थीं। उस दौरान भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस सांसद डोला सेन को काले झंडे दिखाए थे और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी, जिसके बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे और दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई थी।

Post a Comment

0 Comments