पाण्डेश्वर (राम बाबू यादव) :- पाण्डेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ईसीएल (ECL) लीजहोल्ड क्षेत्रों में रह रहे कई परिवार लंबे समय से नियमित बिजली कनेक्शन से वंचित हैं। इस गंभीर जनसमस्या के त्वरित समाधान की मांग को लेकर पाण्डवेश्वर के विधायक जितेंद्र कुमार तिवारी ने पश्चिम बर्धमान के जिला शासक (डीएम) को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।
विधायक जितेंद्र तिवारी ने अपने पत्र और बयान में कहा कि बिजली केवल एक सेवा नहीं है, बल्कि यह हर इंसान की मूलभूत आवश्यकता है। ईसीएल लीजहोल्ड क्षेत्र के निवासी वर्षों से इस बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिससे उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामान्य जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि ईसीएल और डब्ल्यूबीएसईडीसीएल (WBSEDCL) के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इन क्षेत्रों में बिना किसी देरी के बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विधायक जितेंद्र तिवारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के हर घर तक बिजली का उजाला पहुंचाना और लोगों के अधिकारों की रक्षा करना ही उनका मुख्य लक्ष्य है, और इसके लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।


0 Comments