कोलकाता :- लेक टाउन के बी-ब्लॉक पार्क के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने चार किलोग्राम सोने के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए सोने के बिस्कुटों की वर्तमान बाजार कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस की विशेष गश्ती टीम ने रेनकोट और हेलमेट पहने इन युवकों को इलाके में संदिग्ध रूप से चक्कर काटते देखा था, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में सोने के बिस्कुट बरामद हुए। इसके अलावा, आरोपियों के पास से ₹2 के चार नोट भी मिले हैं। इस अजीबोगरीब बरामदगी ने पुलिस के संदेह को और गहरा कर दिया है, जिससे इस मामले में किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय हवाला रैकेट के जुड़े होने की मजबूत आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों में से एक अन्य राज्य का निवासी है। सूत्रों के मुताबिक, ये दोनों आरोपी पहले भी इस प्रकार की तस्करी में लिप्त रहे हैं और इससे पूर्व लगभग दो से ढाई किलोग्राम सोना ले जा चुके हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह सोना कहां से लाया गया था और इसे किसे सौंपा जाना था। पुलिस इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके पूरे तंत्र को खंगालने में जुटी हुई है।



0 Comments