कोलकाता :- दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले चल रहे छात्रों और जन-आंदोलनों के समर्थन में पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में हलचल तेज हो गई है। कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके में आलिया यूनिवर्सिटी के सैकड़ों छात्रों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों के हाथों में बैनर, पोस्टर और तख्तियाँ थीं और उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसका वे कड़ा विरोध करते हैं।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पार्क सर्कस परिसर के आसपास एक जुलूस निकाला और सभा का आयोजन किया. छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक आंदोलनकारियों की वाजिब माँगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे कोलकाता से अपना नैतिक समर्थन और एकजुटता इसी तरह जाहिर करते रहेंगे। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए इलाके में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। यह आंदोलन मुख्य रूप से NEET-UG जैसी प्रमुख राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक गड़बड़ियों के विरोध में शुरू हुआ है। प्रदर्शनकारी छात्र और संगठन परीक्षा प्रणाली में बार-बार हो रही अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे है।




0 Comments