कार्यभार संभालते ही एक्शन में अंडाल थाना के OC, सोने की दुकान में चोरी की कोशिश नाकाम कर चोर को पकड़ा

अंडाल :- अंडाल थाने के नए प्रभारी (ओसी) प्रीतम पाल ने कार्यभार संभालने के अगले ही दिन एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते दिनदहाड़े एक सोने की दुकान में चोरी की कोशिश को नाकाम कर दिया गया और महज कुछ ही मिनटों के भीतर चोर को रंगे हाथों धर दबोचा गया।

घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है, जब अंडाल मोड़ के पास उखड़ा-अंडाल रोड पर स्थित कुंडू मार्केट की एक सोने की दुकान में एक युवक ग्राहक बनकर आया। उसने दुकान के मालिक श्रीकांत पाल से सोने की एक नथ (नाक की लौंग) दिखाने को कहा। जैसे ही दुकानदार ने नथ उसके हाथ में दी, युवक उसे लेकर तेजी से भाग खड़ा हुआ। श्रीकांत बाबू के शोर मचाने पर स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत उस चोर का पीछा करना शुरू कर दिया।


इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाने के नए प्रभारी प्रीतम पाल के नेतृत्व में पुलिस बल पलक झपकते ही मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से इलाके की घेराबंदी की और पास की ही एक झाड़ी में छिपे बैठे चोर को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की गई सोने की नथ बरामद हो गई। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आई है और फिलहाल उसके नाम-पते की तफ्तीश की जा रही है। पुलिस की इस तत्परता और त्वरित एक्शन से अंडाल इलाके के व्यापारी वर्ग में काफी खुशी का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments