रानीगंज :- रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के परिसर में 'फाउंडर्स डे' (संस्थापक दिवस) का आयोजन बेहद गरिमापूर्ण और भावुक माहौल में किया गया। इस विशेष अवसर पर चैंबर की आधारशिला रखने वाले दूरदर्शी संस्थापकों और प्रतिष्ठित नेताओं को अत्यंत सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापकों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान माहौल तब बेहद भावुक हो गया जब कई दिवंगत संस्थापकों के परिवारों के सदस्य भी इस श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए और अपने पूर्वजों के योगदान को याद कर उनकी आँखें नम हो गईं। श्रद्धांजली समारोह के बाद 'आर्ट ऑफ लिविंग' के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय और शांतिपूर्ण ऊर्जा से भर गया। इस अवसर पर रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता ने संस्थापकों को नमन करते हुए अपना वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे लिए केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उस समृद्ध विरासत को याद करने और उसे सम्मान देने का दिन है, जिसकी बदौलत आज हमारा संगठन इस मुकाम पर खड़ा है।
हमारे दूरदर्शी संस्थापकों और पूर्व दिग्गजों ने जिस कड़े परिश्रम, समर्पण और जिन उच्च मूल्यों के साथ इस चैंबर की स्थापना की थी, वे मूल्य आज भी हमारे मार्गदर्शक हैं। उनके दिखाए रास्ते और स्थापित किए गए सिद्धांतों पर चलते हुए ही हम व्यापारियों और समाज के हित में बेहतर काम कर पा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से आह्वान किया कि वे संस्थापकों के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए चैंबर को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लें।
इस समारोह में रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शरद कनोड़िया, प्रोजेक्ट चेयरमैन अरुण भरतिया, पूर्व अध्यक्ष रोहित खेतान समेत संगठन के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



0 Comments