आसनसोल :- आसनसोल के बर्नपुर में सेल के ईस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) प्रबंधन द्वारा अपनी जमीन से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार को आईएसपी प्रबंधन की ओर से बर्नपुर के एक बेहद प्राचीन सिनेमा हॉल पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। लगभग 60 साल पुराना यह ऐतिहासिक सिनेमा हॉल पिछले काफी समय से बंद पड़ा था। बुलडोजर की इस कार्रवाई के साथ ही बर्नपुर का यह पुराना मनोरंजन केंद्र हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। सिनेमा हॉल को टूटता देख स्थानीय लोगों में भारी मायूसी देखी गई, क्योंकि इस जगह से उनकी कई पुरानी यादें जुड़ी हुई थीं। कई बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जमाने में यहाँ कई फिल्में देखी थीं।
पिछले कुछ दिनों से आईएसपी प्रबंधन अपनी जमीन पर अवैध रूप से बने विभिन्न राजनीतिक पार्टी कार्यालयों, क्लबों और भवनों को लगातार ध्वस्त कर रहा है। चूंकि यह सिनेमा हॉल भी आईएसपी की जमीन पर बना था, इसलिए इस पर भी कार्रवाई की गई। हालांकि, स्थानीय लोगों का मानना है कि इस धरोहर को तोड़ने के बजाय इसका इस्तेमाल किसी सामुदायिक भवन या जनहित के कार्य के लिए किया जाना चाहिए था।



0 Comments