West Bengal में राज्यसभा की 3 सीटों पर 24 जुलाई को होगा उपचुनाव, चुनाव आयोग ने की घोषणा

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी भारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच निर्वाचन आयोग ने राज्य की 3 खाली राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, इन तीनों सीटों पर आगामी 24 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। यह उपचुनाव TMC के तीन वरिष्ठ नेताओं—सुखेंदु शेखर राय, सुस्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाइक के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीटों को भरने के लिए हो रहा है। दरअसल, विधानसभा चुनाव के बाद से ही ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस में बड़ी बगावत देखने को मिल रही है। बागी सांसदों ने दल-बदल कानून से बचने के लिए 'नेशनल सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया' का रुख किया और एनडीए में शामिल होने की घोषणा की। इसी राजनीतिक घमासान के बीच सुखेंदु शेखर राय (कार्यकाल 2029), सुस्मिता देव (कार्यकाल 2030) और प्रकाश चिक बड़ाइक (कार्यकाल 2029) ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था।


आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, इन सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई तय की गई है। इसके बाद 15 जुलाई को नामांकनों की जांच होगी और 17 जुलाई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 24 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि 27 जुलाई तक चुनावी प्रक्रिया को पूरी तरह संपन्न कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments