मंदारमणि में समंदर में नहाने गए 2 पर्यटकों की डूबने से मौत


कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मंदारमणि में प्रशासन की चेतावनी और रोक के बावजूद उफनते समंदर में नहाने उतरे 2 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई। शनिवार को हाई टाइड (ज्वार) के कारण समंदर काफी उग्र था और पर्यटकों के पानी में उतरने पर पाबंदी थी, लेकिन इन नियमों की अनदेखी कर दोनों युवक पानी में उतर गए और तेज लहरों की चपेट में आकर बह गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोताखोरों और पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्पीड बोट की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। शनिवार को काफी मशक्कत के बाद एक पर्यटक को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दक्षिण 24 परगना के महेशतला निवासी सोमनाथ मजूमदार के रूप में हुई। वहीं, लापता दूसरे पर्यटक, दक्षिण 24 परगना के ही रहने वाले कमलेश मंडल की तलाश जारी रखी गई और रविवार को उसका शव भी समंदर से बरामद कर लिया गया। इस दुखद घटना के बाद मंदारमणि और आसपास के दीघा तटीय इलाकों में पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। उग्र समंदर के पास किसी भी पर्यटक को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है तथा माइकिंग के जरिए लोगों को लगातार जागरूक और सावधान किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments