रानीगंज में एमएलए 2026 फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया उद्घाटन

रानीगंज :- रानीगंज के नारायणकुड़ी युवा समिति फुटबॉल मैदान में रविवार शाम 'एमएलए कप 2026' फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रदेश भाजपा की वरिष्ठ नेता अग्निमित्रा पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए किया। उद्घाटन समारोह के दौरान मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने विरोधी राजनीतिक दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाने हों या फिर अनधिकृत पार्किंग पर लगाम लगानी हो, हर जनहित के मामले में तृणमूल कांग्रेस व माकपा बाधा उत्पन्न कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे सुधार कार्य विरोधियों को रास नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि बीते 50 वर्षों के दौरान पश्चिम बंगाल में जिस तरह अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया था, उसे सुधारने के लिए मौजूदा सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में राज्य में पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से ऑनलाइन पार्किंग प्रणाली शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है। 


रानीगंज के तिलक रोड स्थित लगभग 200 साल पुरानी तीन मंजिला जर्जर इमारत के ढहने के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पुरानी या व्यक्तिगत संपत्तियों के अचानक टूटने पर उनका सौंदर्यीकरण या जीर्णोद्धार करना सरकार व आसनसोल नगर निगम के लिए सीधे तौर पर संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि निजी संपत्तियों के मामलों में अचानक कोई कठोर कदम उठाना व्यावहारिक रूप से जटिल होता है, क्योंकि सरकार पर जन सुरक्षा और प्रशासनिक दायित्वों की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है।

Post a Comment

0 Comments