आसनसोल :- रोजमर्रा की जरूरत के आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण पाने और मुनाफाखोरी पर लगाम लगाने के लिए मंगलवार सुबह पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन की एक विशेष टीम ने आसनसोल के प्रमुख बाजारों में 'सरप्राइज मार्केट विजिट' (औचक निरीक्षण) अभियान चलाया। डीएम एस पोन्नम्बलम के नेतृत्व में चलाए गए इस व्यापक अभियान में आसनसोल नगर निगम के आयुक्त दिलीप मिश्रा, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास, अतिरिक्त जिलाधिकारी (कृषि विपणन) और उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकानों पर जाकर चीनी, चावल, प्याज सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों के मौजूदा दरों की गहनता से पड़ताल की। थोक और खुदरा बाजार की कीमतों में अंतर का मिलान किया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं विक्रेता अनुचित मुनाफाखोरी तो नहीं कर रहे हैं। कार्रवाई के बाद जिलाधिकारी एस पोन्नम्बलम ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि बिना किसी वैध कारण के खाद्य सामग्रियों के दाम बढ़ाने की कोशिशों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी बाजार या दुकान में गड़बड़ी या जमाखोरी पाई गई, तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा सोमवार को बुलाई गई उच्चस्तरीय बैठक के निर्देशों के तहत पश्चिम वर्धमान जिले में कुल चार विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इनमें दो टास्क फोर्स दोनों नगर निगम क्षेत्रों में तथा दो टास्क फोर्स दोनों अनुमंडलों में अनुमंडल अधिकारियों (एसडीओ) के नेतृत्व में काम करेंगी। ये टीमें जिले के सभी बाजारों में नियमित निगरानी रखेंगी। प्रशासन का मुख्य ध्यान वर्तमान में बढ़ रहे चीनी, चावल और प्याज के दामों को नियंत्रित करने के साथ-साथ तौल-माप में होने वाली धोखाधड़ी को रोकना है।





0 Comments