आसनसोल :- राज्य सरकार द्वारा 1 करोड़ 45 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में अन्नपूर्णा योजना की राशि ट्रांसफर किए जाने के बावजूद, बड़ी संख्या में वंचित महिलाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को आसनसोल के बर्नपुर इलाके में बर्दवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के सामने नाराज महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया था, लेकिन 3 महीने बीत जाने के बाद भी उनके खातों में राशि जमा नहीं हुई है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि जब भी वे अधिकारियों से जानकारी लेने पहुंचती हैं, तो उन्हें सही जवाब देने के बजाय टालमटोल कर एक जगह से दूसरी जगह भेज दिया जाता है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि जिनके आवेदन प्रक्रियाधीन (प्रोसेसिंग) में हैं, उन्हें अभी इंतजार करना पड़ेगा। प्रदर्शन कर रही एक महिला ने बताया कि पिछली सरकार के समय हर महीने मिलने वाले ₹1500 से कई परिवारों को काफी सहूलियत होती थी। महिलाओं का कहना है कि सरकार यदि कोई आश्वासन देती है तो उसे पूरा भी करना चाहिए। खाते में पैसे न आने और स्पष्ट जानकारी न मिलने से महिलाओं में भारी नाराजगी व्याप्त है।




0 Comments