ATM कार्ड फंसने पर 'मेंटेनेंस मैनेजर' को फोन करना पड़ा भारी, CA कर्मचारी साइबर ठगी का शिकार

दुर्गापुर :- दुर्गापुर के विधाननगर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) कर्मचारी अभिजीत सरकार एटीएम धोखाधड़ी का शिकार हो गए। वे एक सरकारी बैंक के एटीएम में अपनी बेटी का कार्ड लेकर पैसे निकालने गए थे। कार्ड मशीन में डालने और पिन दर्ज करने के बाद वह अंदर ही फंस गया और स्क्रीन पर खराबी का संदेश आने लगा। तभी बाहर खड़े एक अज्ञात युवक ने मदद की पेशकश की और एटीएम में लगे ‘एटीएम मेंटेनेंस मैनेजर’ के नंबर पर कॉल करने की सलाह दी। फोन करने पर दूसरी तरफ से दिए गए निर्देशों के अनुसार उन्होंने दो बार 'एंटर' और दो बार 'कैंसल' का बटन दबाया, लेकिन कार्ड बाहर नहीं निकला। 


जैसे ही अभिजीत फोन पर बात करते हुए एटीएम से बाहर आए, उनके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आने लगे। वे तुरंत अंदर पहुंचे, तो देखा कि मदद करने वाला युवक गायब था और मेंटेनेंस मैनेजर के नंबर वाला कार्ड भी वहां से हटा दिया गया था। ठगों ने तीन बार में उनके खाते से कुल 64,000 रुपये निकाल लिए। इसमें से 15,000 रुपये नकद निकाले गए और 49,000 रुपये बिहार के एक कपडे के शोरूम में ट्रांजैक्शन के जरिए उड़ाए गए। पीड़ित ने बैंक, फरीदपुर चौकी और साइबर क्राइम पोर्टल पर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

Post a Comment

0 Comments