कुल्टी :- कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर क्षेत्र में शनिवार को महिलाओं ने 'अन्नपूर्णा योजना' के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता न मिलने का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। कुल्टी थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में हुए इस प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रति माह 3,000 रुपये देने के वादे के तहत उन्होंने 'अन्नपूर्णा योजना' का फॉर्म भरा था। महीनों बीत जाने के बाद भी उनके बैंक खातों में राशि जमा नहीं की गई है। महिलाओं का कहना है कि जिले के अन्य हिस्सों में कई लोगों के खातों में पैसे पहुंच चुके हैं, लेकिन रामनगर की पात्र महिलाओं को अब तक एक रुपया भी नहीं मिला है। प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है।
सड़क जाम के दौरान आक्रोशित महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपने हक के पैसे तुरंत जारी करने की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनके खातों में जल्द ही योजना की राशि स्थानांतरित नहीं की गई, तो वे आने वाले दिनों में और अधिक व्यापक और तीव्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी। गौरतलब है कि अन्नपूर्णा योजना के बकाया भुगतान को लेकर केवल बराकर ही नहीं, बल्कि पश्चिम बर्दवान के कई अन्य इलाकों में भी आम जनता का असंतोष बढ़ रहा है।


0 Comments