दुर्गापुर में बस से उतरते समय पॉकेटमारी करते आरोपी रंगे हाथों पकड़ा गया


दुर्गापुर :- दुर्गापुर स्थित गांधी मोड़ इलाके में बस से उतरते समय जेब काटने के आरोप में यात्रियों ने एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रानीगंज से दुर्गापुर आ रही एक बस से उतरते वक्त एक यात्री की जेब से करीब 3,000 रुपये निकालने का आरोप इस व्यक्ति पर लगा है। पीड़ित यात्री का कहना है कि जब वे अपने परिवार के साथ बस से उतर रहे थे, तभी आरोपी ने पीछे से आकर उनकी जेब से पैसे निकाल लिए। आहट मिलते ही पीड़ित ने अन्य यात्रियों की मदद से आरोपी को तुरंत दबोच लिया।

यात्रियों के मुताबिक, पकड़े जाने पर आरोपी के पास से चुराए गए पैसे भी बरामद कर लिए गए। घटना की सूचना मिलते ही गांधी मोड़ पर तैनात ट्रैफिक पुलिस और सिविक वॉलंटियर्स मौके पर पहुंचे। इसके बाद फरीदपुर चौकी की पुलिस को सूचित किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। अपने पैसे वापस मिलने पर पीड़ित यात्री ने राहत की सांस ली।

Post a Comment

0 Comments