रानीगंज डीएवी पब्लिक स्कूल में वेद प्रचार सप्ताह के तहत रक्षाबंधन पर्व और रक्तदान शिविर का आयोजन

रानीगंज :- रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में जारी वेद प्रचार सप्ताह के अंतर्गत बृहस्पतिवार को प्रातःकालीन प्रार्थना सभा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। इस विशेष अवसर पर स्कूल के सभी विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रक्षाबंधन पर्व के पावन महत्व तथा भाई-बहन के अटूट प्रेम और पवित्र संबंध को उजागर करना था। समारोह का औपचारिक शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण और पवित्र हवन-यज्ञ के साथ हुआ, जिसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पूर्ण निष्ठा के साथ आहुतियां दीं। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के सामाजिक व सांस्कृतिक महत्व पर आधारित एक मनमोहक नाटक प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल की प्राचार्या मंदिरा दे ने रक्षाबंधन के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने वेदों द्वारा प्रतिपादित मानवता, नैतिकता और पारिवारिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा के तत्वावधान में चतुर्वेद शतकम महायज्ञ 24 अगस्त से शुरू हुआ और 29 अगस्त तक चलेगा। इस पावन अवसर को और अधिक स्मरणीय बनाते हुए स्कूल परिसर में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में शिक्षकों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस निस्वार्थ सेवा कार्य ने विद्यार्थियों के सामने समाज कल्याण और परोपकार की एक अनूठी मिसाल पेश की।

Post a Comment

0 Comments