पांडेश्वर में रेल गेट बंद करने का कड़ा विरोध, विधायक जितेंद्र तिवारी को करना पड़ा हस्तक्षेप

पांडेश्वर :- पांडेश्वर के डालूरबांध लेवल क्रॉसिंग (रेल गेट) को स्थायी रूप से बंद करने के नोटिस के खिलाफ स्थानीय व्यवसायियों और दुकानदारों का आक्रोश मंगलवार को सड़कों पर देखने को मिला। पूर्व निर्धारित समय सूची के अनुसार जब रेल प्रशासन की टीम रेल गेट को स्थायी रूप से बंद करने पहुंची, तो वहां पहले से ही धरने पर बैठे व्यापारी आक्रोशित हो गए और जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी संख्या में आरपीएफ (RPF) के जवान और पांडेश्वर थाने की पुलिस तैनात रही। रेल प्रशासन जहां गेट बंद करने की अपनी तैयारी पर अड़ा था, वहीं व्यापारी अपनी रोज़ी-रोटी का हवाला देकर पीछे हटने को तैयार नहीं थे। दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से यहां अपना कारोबार कर रहे हैं और यदि यह रेल गेट बंद हो जाता है, तो क्षेत्र के हजारों छोटे-बड़े व्यापारियों का व्यवसाय पूरी तरह ठप हो जाएगा।


हंगामे की सूचना मिलते ही पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्थिति को संभाला। उन्होंने मौके पर मौजूद रेलवे और आरपीएफ अधिकारियों के साथ वार्ता कर फिलहाल के लिए कार्रवाई रोककर वापस लौटने का अनुरोध किया। विधायक जितेंद्र तिवारी ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के बाद व्यापारी समिति, स्थानीय लोगों और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर बातचीत की जाएगी। जब तक कोई आपसी संवाद नहीं हो जाता, तब तक रेल गेट को इस तरह स्थायी रूप से बंद कर देना बिल्कुल भी उचित नहीं होगा। बिना किसी से विचार-विमर्श किए राज्य सरकार या प्रशासन किसी को भी ऐसे कदम उठाने की अनुमति नहीं देगा, जिससे हजारों आम लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़े। विधायक के आश्वासन और हस्तक्षेप के बाद रेलवे की टीम फिलहाल वापस लौट गई, जिससे आक्रोशित व्यापारियों ने राहत की सांस ली।

Post a Comment

0 Comments