बांकुड़ा :- गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बांकुड़ा सदर थाने की पुलिस ने केठारडांगा इलाके में छापेमारी कर अवैध नशीले पदार्थों के एक बड़े कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली गोलियां बरामद करते हुए इस अवैध धंधे के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, केठारडांगा निवासी जाकिर भुइयां अपने मकान में बड़े पैमाने पर नशीली दवाओं का भंडारण कर रहा था और वहीं से शहर के विभिन्न हिस्सों में इनकी आपूर्ति की जाती थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर मकान की गहन तलाशी ली। इस दौरान 100-100 मिलीलीटर की 22 बोतलें प्रतिबंधित कफ सिरप और 3,340 नशीली गोलियां जब्त की गईं।
डीएसपी (कानून-व्यवस्था) अरुणाभ दास ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि इस नशीले कारोबार के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों का सुराग लगाया जा सके। उल्लेखनीय है कि हाल ही में इसी इलाके से गांजे की खेप भी बरामद हुई थी।


0 Comments