दुर्गापुर :- औद्योगिक शहर दुर्गापुर में ऊंची इमारतों और व्यावसायिक परिसरों में आगजनी जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए दमकल विभाग को अधिक सक्षम बना दिया गया है। विभाग के बेड़े में पहली बार एक अत्याधुनिक बड़ी सीढ़ी (टर्नटेबल लेडर) शामिल की गई है। इसके आने से बहुमंजिला इमारतों में आग लगने की स्थिति में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और त्वरित अग्निशमन में बड़ी मदद मिलेगी। पिछले कुछ वर्षों में दुर्गापुर के बहुमंजिला भवनों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई थीं। दमकल विभाग के पास अपनी बड़ी सीढ़ी न होने के कारण आपात स्थिति में एयरपोर्ट या दुर्गापुर स्टील प्लांट से लेडर मंगानी पड़ती थी, जिससे राहत कार्य में देरी होती थी।
दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने दमकल केंद्र पहुंचकर इस नई तकनीक का निरीक्षण किया और अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में अग्नि सुरक्षा और बहुमंजिला इमारतों की अनुमतियों में हुई अनियमितताओं की जांच की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नई सरकार के तहत दमकल विभाग को इस तरह के अत्याधुनिक संसाधनों से लैस करना एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भविष्य में आपदा प्रबंधन को त्वरित और प्रभावी बनाया जा सकेगा।




0 Comments