मालदा :- पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद CID ने चर्चित टैब घोटाले की नए सिरे से जांच शुरू कर दी है। इस मामले में CID ने मालदा जिले के एक स्कूल के हेडमास्टर और क्लर्क को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को मालदा जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से जज ने उन्हें पांच दिनों की सीआईडी हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।सीआईडी ने मालदा के हबीबपुर थाना अंतर्गत केंदपुुकुर हाई स्कूल के हेडमास्टर दुलाल मंडल और क्लर्क राजेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। इस स्कूल के 91 छात्रों के टैब का पैसा दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर हो जाने का आरोप सामने आया था। घटना के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक बाणीब्रत साहा ने हेडमास्टर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद हेडमास्टर ने क्लर्क पर आरोप लगाए थे, लेकिन तब जांच आगे नहीं बढ़ सकी थी।
अब भाजपा सरकार के कार्यकाल में सीआईडी ने फिर से इस मामले में धरपकड़ तेज की है। तृणमूल कांग्रेस सरकार के तीसरे कार्यकाल में 2021 में 'तरुणेर स्वप्नो' योजना शुरू की गई थी। इसके तहत 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को टैब खरीदने के लिए 10,000 रुपये दिए जाते थे। हालांकि, राज्य भर से शिकायतें आईं कि कई छात्रों को पैसे नहीं मिले और रकम किसी अन्य व्यक्ति के खातों में चली गई।


0 Comments