Durgapur के स्पंज आयरन कारखाने में लगातार 3 धमाकों से दहशत, घायल हुए 3 मजदूर

दुर्गापुर :- दुर्गापुर नगर निगम के 1 नंबर वार्ड अंतर्गत कमलपुर नाचन रोड स्थित एक निजी स्पंज आयरन कारखाने में अचानक हुए भीषण हादसों से हड़कंप मच गया। कारखाने की भट्टी (फर्नेस) में एक के बाद एक लगातार तीन बार हुए धमाकों से न केवल भीतर काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई, बल्कि आसपास के रहवासी क्षेत्रों में भी भारी दहशत का माहौल बन गया। सूत्रों के अनुसार, बुधवार को कारखाने के भीतर से अचानक एक के बाद एक तीन विकराल विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई दीं। इस अप्रत्याशित हादसे में वहां कार्यरत तीन मजदूर मामूली रूप से झुलसकर घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। 



घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धमाके की गूंज से आसपास के इलाके थर्रा उठे। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हादसे के तुरंत बाद भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने कारखाने के भीतर सुरक्षा इंतजामों की लचर स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। श्रमिक संगठन ने मांग की है कि मजदूरों की जानमाल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कारखाने की भट्टियों और अन्य संयंत्रों के सुरक्षा मानकों की निष्पक्ष व गहन जांच की जाए।

Post a Comment

0 Comments