Durgapur में NH-19 पर दुर्घटना में 2 श्रमिकों की मौत और 4 घायल, मुआवजा की मांग पर प्रदर्शन

दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कांकसा स्थित 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो ठेका श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अंतर्गत काम करने वाले कई श्रमिक सड़क पर रखरखाव के कार्य में लगे हुए थे। घटना के बाद इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई। रविवार को मृतक का परिजनों ने दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल में पहुंचकर प्रदर्शन किया। मुआवजे की मांग पर उन्होंने ठेका कंपनी के मैनेजर का घेराव किया और शव ले जाने से इनकार कर दिया। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने काम कर रहे मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि श्रमिक सड़क पर दूर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ अवस्था में सभी छह श्रमिकों को बाहर निकालकर दुर्गापुर उप-विभागीय अस्पताल पहुंचाया।


अस्पताल में डॉक्टरों ने दो श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान काशीनाथ भट्टाचार्य (48), निवासी गलसी और विधान बाउड़ी (32), निवासी गोपालपुर के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल हुए चार अन्य श्रमिकों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

राष्ट्रीय राजमार्ग के एम्बुलेंस ड्राइवर मनोज सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंचे और 6 लोगों को घायल अवस्था में निकालकर दुर्गापुर सब-डिविजनल अस्पताल लाए। वहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार लोगों की हालत काफी चिंताजनक बनी हुई है।

इस भीषण दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और हड़कंप का माहौल है। कांकसा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले कंटेनर का पता लगाया जा रहा है। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने भी हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए अलग से जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments