दुर्गापुर :- विश्व खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को दुर्गापुर के सिटी सेंटर क्षेत्र में बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को खेलों से जोड़ना और युवाओं को खेलकूद के प्रति अधिक से अधिक प्रोत्साहित करना था। सिटी सेंटर स्थित सिद्धू कानू स्टेडियम से शुरू हुई इस बाइक रैली ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का परिभ्रमण किया, जिसमें युवाओं और खेल प्रेमियों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रैली का शुभारंभ राज्य के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री डॉ. इंद्रनील खां ने किया। इस दौरान उनके साथ दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्र शेखर बनर्जी, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई और दुर्गापुर की उप-विभागीय अधिकारी (एसडीओ) अंकिता अग्रवाल सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. इंद्रनील खां ने कहा कि भारत को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अग्रणी स्थान पर ले जाने के उद्देश्य से राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कोलकाता के अलावा सुंदरबन, सिलीगुड़ी और दुर्गापुर जैसे क्षेत्रों में भी खेल बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। मंत्री ने दुर्गापुर में स्थित स्टेडियमों का आधुनिक और विश्वस्तरीय नवीनीकरण करने का आश्वासन दिया, ताकि भविष्य में यहां बड़े स्तर की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकें। उन्होंने खेलों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाने के लिए हर संभव सहयोग और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।




0 Comments