Durgapur में बेटे की मौत पर मां का फूटा गुस्सा, थाना के सामने किया प्रदर्शन


दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कोक ओवन थाना क्षेत्र के बांकुड़ा मोड़ इलाके में एक किराए के मकान से 30 वर्षीय हरनाथ महतो का शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। इस घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और वे शव को थाने के सामने रखकर सड़क पर लेटकर रोने-बिलखने लगे। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उसकी पत्नी के अवैध संबंधों के कारण यह घटना घटी है और पत्नी ने ही उसे आत्महत्या के लिए उकसाया या उसकी हत्या की है। परिजनों ने पुलिस पर असहयोग का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले ही पति-पत्नी के बीच इस बात को लेकर भारी विवाद हुआ था। रविवार दोपहर हरनाथ का शव मिलने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद गुस्साए परिजनों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया, जिससे राहगीर भी सहम गए। बाद में पुलिस द्वारा प्राथमिकी (FIR) की कॉपी सौंपे जाने और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद ही परिजन शांत हुए और शव लेकर रवाना हुए। इस दुखद घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Post a Comment

0 Comments