Kulti में बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छिनतई के मामले में 2 लोग गिरफ्तार

कुल्टी :- कुल्टी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीनने की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्तता के आरोप में हीरापुर थाना क्षेत्र के निवासी दयामय सिन्हा और बबलू दास को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 20 अगस्त को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। हिरासत के दौरान हुई गहन पूछताछ में पुलिस को छीने गए सोने के हार का सुराग मिला, जिसके बाद दयामय सिन्हा के घर पर छापेमारी कर उसे बरामद कर लिया गया।


उल्लेखनीय है कि गत 12 अगस्त की सुबह कुल्टी के बिराजपल्ली (संन्यासी थान) इलाके में 72 वर्षीय मंजू मित्रा अपनी पोती को स्कूल बस में छोड़कर घर लौट रही थीं। उसी दौरान नीली शर्ट पहने एक बदमाश ने अचानक उनके सामने आकर उनके गले से करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया। पीड़िता ने घटना की लिखित शिकायत थाना में दर्ज कराई थी। इस मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर उज्ज्वल साहा ने अपनी टीम के साथ छानबीन शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले सीसीटीवी फुटेज खंगाला और उसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। आखिरकार पुलिस को लूटकांड में अहम सुराग हाथ लगे जिसके आधार पर वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को धर दबोचा। जांच में दयामय सिन्हा को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी और आभूषणों की बरामदगी से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है।

Post a Comment

0 Comments