Kulti में राख के प्रदूषण से आक्रोशित लोगों का सड़क पर प्रदर्शन, छाई लदे डंपरों को रोका

कुल्टी :- आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत सांकतोड़िया हुसैनिया मोड़ पर शुक्रवार को राख के प्रदूषण से परेशान स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर छाई लदे कई डंपरों को रोककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय से पुरुलिया के रघुनाथपुर से राख लदे डंपर दिसरगढ़-नियामतपुर रोड से होकर बेधड़क गुजर रहे हैं। इस दौरान डंपरों से लगातार राख सड़क पर गिरती रहती है, जिससे पूरे इलाके में धूल और राख का भारी प्रदूषण फैल रहा है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और आवगमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इलाके को इस गंभीर प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए स्थानीय निवासियों ने राख लदे डंपरों की आवाजाही को तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की है। 


इस विरोध प्रदर्शन को भाजपा नेता अभिजीत आचार्य ने भी अपना समर्थन दिया। उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या की जानकारी प्रशासन के साथ-साथ मंत्री डॉ. अजय पोद्दार को भी दे दी गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना क्षेत्र के सांकतोड़िया फाड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में मांग की है कि इस समस्या का जल्द से जल्द कोई स्थायी समाधान निकाला जाए।

Post a Comment

0 Comments