Raniganj में NH-19 पर बंदूक की नोक पर बाइक लूट, पुलिस जांच में जुटी

रानीगंज :- रानीगंज थाना क्षेत्र के पंजाबी मोड़ के पास नेशनल हाईवे-19 (NH-19) के फ्लाईओवर पर हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को पिस्तौल का भय दिखाकर उसकी काले रंग की पल्सर बाइक लूट ली। इस सनसनीखेज वारदात के सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। लूट के शिकार हुए पीड़ित युवक ने पंजाबी मोड़ पुलिस कड़ी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत बीएनएस की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) ने वारदात की छानबीन शुरू कर दी है। एसीपी (डीडी) मीर सईदुल अली ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल की।

पीड़ित युवक, दुर्गापुर स्टील टाउनशिप के आइंस्टीन क्षेत्र निवासी संजीव नायक ने बताया कि वे शुक्रवार रात आसनसोल से पुरुलिया की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे पंजाबी मोड़ फ्लाईओवर पर पहुंचे, एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और पिस्तौल तान दी। इसके बाद बदमाश उनसे बाइक छीनकर दुर्गापुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने उनका अन्य कोई सामान नहीं छुआ और केवल बाइक लेकर चंपत हो गए। अचानक हुई इस वारदात से पीड़ित काफी सहम गए थे।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना की शिकायत मिलते ही डिटेक्टिव डिपार्टमेंट और स्थानीय पुलिस की टीम जांच में जुट गई है। नेशनल हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments