पासपोर्ट के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते 2 सिविक वॉलंटियर गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथ पकड़ा

कोलकाता :- पासपोर्ट बनवाने के नाम पर मोटी रकम रिश्वत मांगने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने दो सिविक वॉलंटियर्स को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नदिया जिले के हरिणघाटा स्थित डीआईबी (जिला खुफिया शाखा) कार्यालय में की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बंधन देबनाथ और राजू कीर्तनिया के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, हरिणघाटा क्षेत्र के एक स्थानीय निवासी को पासपोर्ट बनवाने की जरूरत थी। जब वह हरिणघाटा डीआईबी कार्यालय पहुंचा, तो वहां तैनात सिविक वॉलंटियर्स ने जल्द पासपोर्ट बनवाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। पीड़ित व्यक्ति ने उस समय पैसे देने की बात स्वीकार कर ली, लेकिन इसकी सूचना एंटी करप्शन विभाग को दे दी।


शिकायत मिलते ही एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों ने जाल बिछाया। सोमवार को जैसे ही पीड़ित व्यक्ति रिश्वत के 10 हजार रुपये देने डीआईबी कार्यालय पहुंचा और आरोपियों ने पैसे स्वीकार किए, तभी पहले से मुस्तैद भ्रष्टाचार निवारण टीम ने दबिश देकर बंधन देबनाथ और राजू कीर्तनिया को रंगे हाथों धर दबोचा। फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्यालय के भीतर ही पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इसके पीछे कोई बड़ा रैकेट काम कर रहा है और इसमें अन्य कौन-कौन से अधिकारी या कर्मचारी शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अब तक कितने लोगों से इस तरह रिश्वत वसूल चुके हैं। गौरतलब है कि प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और इसके लिए तय शुल्क के अलावा किसी भी अतिरिक्त राशि की मांग अवैध है। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।

Post a Comment

0 Comments