राज्य की 1.5 करोड़ महिलाओं के बैंक अकाउंट में पहुंची अन्नपूर्णा योजना की चौथी किश्त, PM नरेंद्र मोदी ने कहा— अब बंगाल में नहीं चलता कटमनी

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की लगभग डेढ़ करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में 17 सितंबर, गुरुवार को 'अन्नपूर्णा योजना' की चौथी किश्त की राशि हस्तांतरित कर दी गई। 'अन्नपूर्णा दिवस' के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब इस योजना का पैसा बिना किसी बिचौलिए या 'कटमनी' के सीधे महिलाओं के खातों में पहुंच रहा है, क्योंकि राज्य में अब बीजेपी सरकार का मंत्र "कम बोलना, काम ज्यादा करना" है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के विधान सभा क्षेत्र भवानीपुर में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को 'अन्नपूर्णा दिवस' के रूप में धूमधाम से मनाया गया। इसी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना का उद्देश्य महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करना है। जब महिलाओं को घर चलाने की चिंता कम होती है, तब उनका आत्मबल बढ़ता है और हर महीने मिलने वाले 3,000 रुपये उनके लिए एक बड़ा संबल बन रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में बीते 4 मई को हुए सत्ता परिवर्तन में महिलाओं की सबसे बड़ी भूमिका रही है, इसलिए नई सरकार की पहली प्राथमिकता भी महिलाओं का सशक्तिकरण ही है।


प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि नई सरकार बनते ही इस योजना पर तेजी से अमल शुरू किया गया। आज राज्य की बहनें बिना किसी कटौती या भ्रष्टाचार के सीधे अपने बैंक खातों में आर्थिक सहायता प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार चाहती है कि बंगाल की महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और अपने फैसले खुद लेने का साहस जुटाएं।


Post a Comment

0 Comments