पलक झपकते ही 20 फीट नीचे उतरा कुएं का जलस्तर, Andal में भू-धंसान की घटना से दहशत

अंडाल :- अंडाल के धांदाडीही गांव में एक बार फिर जमीन धंसने और रहस्यमयी भूगर्भीय हलचल से ग्रामीणों में भारी दहशत व्याप्त हो गई है। शनिवार को अचानक हुए एक तेज धमाके के साथ पूरा इलाका कांप उठा। इसके तुरंत बाद ग्रामीणों ने देखा कि गांव के एक कुएं का पानी थरथराने लगा और देखते ही देखते जलस्तर पलक झपकते ही लगभग 20 फीट नीचे चला गया। इस अजीबोगरीब घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिनों पूर्व धांदाडीही गांव के एक हिस्से में अचानक भीषण भू-धंसान हुआ था, जिसके बाद उस गड्ढे से जहरीला धुआं निकलता देखा गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) प्रबंधन को सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस बीच शनिवार की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। कई मकानों में दरारें आ चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों को डर है कि भूगर्भ में कोयले की आग या कोई विशाल खोखला स्थान पूरे गांव को अपनी चपेट में न ले ले। भय के साये में जी रहे ग्रामीण रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। फिलहाल ग्रामीण प्रशासन और ईसीएल से किसी बड़े हादसे से पहले त्वरित कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments