3 दिन बाद न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन के पास फिर शुरू हुई ट्रेन सेवा, पहली यात्री ट्रेन के रूप में गुजरी वंदे भारत एक्सप्रेस

कोलकाता :- रेल कर्मियों के अथक प्रयास और तीन दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार न्यू फरक्का से ट्रेन सेवाएं फिर से बहाल हो गई हैं। लगभग 62 घंटे के लंबे इंतजार और चिंता के बाद रेल लाइन पर आए भू-स्खलन की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है। लाइन का प्राथमिक कार्य पूरा होते ही पहले एक मालगाड़ी का सफल ट्रायल लिया गया और आज रविवार को नए बिछाए गए ट्रैक से पहली यात्री ट्रेन के रूप में हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत एक्सप्रेस गुजरी।

बताया जा रहा है कि धंसान वाले हिस्से को पार करते समय ट्रेन की अधिकतम गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रखी गई थी। आज रविवार को साढ़े ग्यारह बजे के करीब वंदे भारत एक्सप्रेस न्यू फरक्का स्टेशन के पास मरम्मत वाले हिस्से से होते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। वंदे भारत के चालक ने स्टेशन संलग्न क्षेत्र में पहुंचने से पहले ही गति धीमी कर दी थी। रेल कर्मियों के अनुसार ट्रेन के गुजरने के बाद ट्रैक पर किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति नहीं देखी गई।


गौरतलब है कि मालदा डिवीजन के न्यू फरक्का स्टेशन के पास अप रेल लाइन पर बुधवार की देर रात अचानक भू-स्खलन हो गया था। इस घटना के बाद से उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के बीच रेल संपर्क पूरी तरह से बाधित हो गया था। इस रूट की कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था तो कई ट्रेनों को घुमा कर दूसरे रास्ते से चलाना पड़ा, जिससे हजारों यात्री जगह-जगह फंस गए और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूर्व रेलवे ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया था। शनिवार सुबह से काम में और तेजी लाई गई। कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए स्वयं पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडे मौके पर पहुंचीं और तालियां बजाकर कर्मियों का अभिनंदन किया। इधर ट्रेन सेवा फिर से शुरू होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है। लोगों के मन में सवाल था कि क्या सभी ट्रेनें इस लाइन से चलेंगी या कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी। इस पर पूर्व रेलवे की ओर से स्पष्ट किया गया है कि रात की सभी दूरगामी ट्रेनें इसी लाइन से होकर चलेंगी और फिलहाल किसी भी ट्रेन को रद्द नहीं किया गया है।

Post a Comment

0 Comments