कोलकाता :- कलकत्ता हाईकोर्ट के 45वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति रवींद्र विठ्ठलराव घुगे ने शपथ ली। बुधवार सुबह आयोजित एक गरिमामय समारोह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष, राज्य के कई मंत्री, विधायक तथा विभिन्न उच्च न्यायालयों के पूर्व व वर्तमान न्यायाधीश उपस्थित रहे। कलकत्ता हाईकोर्ट लंबे समय से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के भरोसे चल रहा था, जिससे स्थाई मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की मांग उठ रही थी। हाल ही में न्यायमूर्ति सूर्य कांत के नेतृत्व वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद राष्ट्रपति ने इस नियुक्ति को मंजूरी दी, जिसकी जानकारी केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया के जरिए दी थी। 1990 में एक वकील के रूप में अपना करियर शुरू करने वाले न्यायमूर्ति घुगे ने 2,000 से अधिक मामलों में पैरवी की है, जिनमें कई मामले श्रमिक यूनियनों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों से जुड़े थे। न्यायपालिका में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी स्थाई नियुक्ति से कोलकाता उच्च न्यायालय की न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी आएगी।


0 Comments