पूर्व बर्दवान :- पूर्व बर्दवान के उल्लास उपनगरी में एक ही रात में पांच घरों में हुई दुस्साहसिक चोरी के मामले में बर्दवान थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के भागलपुर जिले से चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार को सभी आरोपियों—सुरेंद्र पवार, मीत आदिवासी, दीपक कुमार और विकास कारे—को बर्द्धमान जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत से पुलिस ने मामले की गहन जांच और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए उन्हें आठ दिन की पुलिस हिरासत में लिया है। यह सनसनीखेज वारदात गत 15 सितंबर की भोर में उल्लास उपनगरी के गेट नंबर 2 के पास हुई थी। शातिर चोरों ने ताला बंद और सुनसान घरों को निशाना बनाया, जिनके मालिक इलाज या यात्रा के सिलसिले में बाहर गए हुए थे।
हद तो तब हो गई जब एक घर में परिवार के सदस्य ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे और चोर नीचे के कमरे से नकद व गहने समेट ले गए। पीड़ितों के अनुसार, चोर लगभग 50 हजार रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने के जेवरात उड़ा ले गए थे। चौबीस घंटे सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद मंत्री के आवास के पास हुई इस सिलसिलेवार चोरी से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत और आक्रोश व्याप्त था। भागलपुर के डोलगढ़िया फाटक इलाके के रहने वाले इन आरोपियों से अब चोरी का माल बरामद करने तथा गिरोह के अन्य नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है।




0 Comments