राज्य के 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, दीघा व मंदारमणि में समुद्र में जाने पर रोक

कोलकाता :- बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) तेजी से तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले छह घंटों में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए यह तंत्र बुधवार रात तक विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच तट को पार कर सकता है। इस मौसमी बदलाव के चलते दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी देते हुए इनमें से तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार भोर से ही कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के विभिन्न इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है और इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। बृहस्पतिवार को हावड़ा में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि शनिवार से मौसम में सुधार होने की संभावना है।


गहरे दबाव के प्रभाव से समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों और भारी ज्वार को देखते हुए पूर्व मेदिनीपुर के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों दीघा, शंकरपुर और मंदारमणि में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। समुद्र के बेहद अशांत होने के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है, वहीं पर्यटकों के समुद्र में उतरने और स्नान करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए तटीय इलाकों में लाउडस्पीकर से लगातार सतर्क रहने की घोषणा की जा रही है और बीच पर पुलिस बल के साथ 'सेव ड्राइव सेव लाइफ' के जवान तैनात किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार दबाव का केंद्र आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम, गोपालपुर और पुरी के करीब स्थित है, जिससे तट से टकराने की प्रक्रिया के दौरान समुद्र की स्थिति और अधिक खतरनाक हो सकती है।

Post a Comment

0 Comments