कुल्टी :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। कुल्टी के सीतारामपुर इलाके से करीब 81 किलो गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में 3 महिलाओं समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। भारी मात्रा में गांजा बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरुवार को गुप्त सूचना मिली थी कि सीतारामपुर में टैगोर इंस्टीट्यूट के पास बड़े पैमाने पर गांजे की तस्करी हो रही है। सूचना के आधार पर कुल्टी थाना के नियामतपुर फांड़ी और डीडी टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। तलाशी के दौरान मौके से 81 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही छह आरोपियों को धर दबोचा, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह एक संगठित गिरोह है जो लंबे समय से इस इलाके में सक्रिय था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से सघन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

0 Comments