कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस समय नया मोड़ आ। गया जब तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने विदेश में अपनी आंख के इलाज के दौरान सोशल मीडिया पर एक रहस्यमयी संदेश साझा किया। उन्होंने अपनी आंख की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह घाव गवाही देता है कि वे कितने कठिन दौर से गुजरे हैं और उनकी आंखें बताती हैं कि वे अभी खत्म नहीं हुए हैं। उनके इस पोस्ट के सामने आते ही राज्य में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और राजनीतिक दलों ने उन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। अभिषेक बनर्जी के इस बयान पर पलटवार करते हुए राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि 15 साल के शासनकाल और 42 सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों के दावों के बावजूद नेता को इलाज के लिए विदेश क्यों जाना पड़ा। उन्होंने इसे पश्चिम बंगाल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य प्रणाली का अपमान बताते हुए कहा कि इस तरह की तस्वीरें पोस्ट करके अपनी स्थिति को खुद हल्का करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने एक बड़ी बहन के नाते सलाह देते हुए कहा कि विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन राजनीति में इस तरह से खुद को कमजोर नहीं दिखाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि अभिषेक बनर्जी को सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) से तीन हफ्ते के लिए विदेश जाकर इलाज कराने की अनुमति मिली थी।

0 Comments