Asansol में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया ओवरहेड रिजर्वायर का शिलान्यास, खर्च होंगे 22 करोड़ रुपये

आसनसोल :- आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट को दूर करने और जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। नगर निगम के नाकड़ासोता इलाके में अमृत परियोजना के तहत एक नए ओवरहेड रिजर्वायर का शिलान्यास राज्य की शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा सहित प्रशासन और नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नाकड़ासोता में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल नगर निगम के विभिन्न वार्डों व इलाकों में बनने वाले कुल आठ अन्य ओवरहेड रिजर्वायरों का भी शिलान्यास किया। इस संपूर्ण महात्वाकांक्षी पेयजल परियोजना के निर्माण पर लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत आएगी। 


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने परियोजना की रूपरेखा साझा की और बताया कि इस वृहद जलापूर्ति योजना के पूर्ण होने से आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के लगभग साढ़े तीन लाख नागरिकों को सीधे तौर पर स्वच्छ पेयजल का लाभ मिलेगा। नए रिजर्वायरों के निर्माण से क्षेत्र में पानी के भंडारण और वितरण की क्षमता में अभूतपूर्व सुधार होगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही पेयजल किल्लत से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments