आसनसोल :- आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के साउथ पुलिस पोस्ट के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सतईशा इलाके से तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जो एक होटल से शराब की बड़ी खेप लेकर बिहार के नवादा जाने की फिराक में थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक टोटो को भी जब्त किया है, जिसमें बोरों में भरकर रखी गई शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस पूछताछ और कैमरे के सामने आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस अवैध खेप को बिहार ले जा रहे थे। वैध कागजात मांगे जाने पर वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। गौरतलब है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। ऐसे में पश्चिम बंगाल के आसनसोल से बिहार तक शराब तस्करी का यह प्रयास सुरक्षा और जांच व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस फिलहाल तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों और होटल संचालक की भूमिका की जांच कर रही है।


0 Comments