Asansol में Annapurna Yojana की राशि न मिलने से भड़कीं महिलाओं ने 'मोदी हटाओ-देश बचाओ' का नारा लगाया !


आसनसोल (राम बाबू यादव) :- राज्य सरकार की अन्नपूर्णा योजना के तहत अब तक करीब 1 करोड़ 60 लाख महिलाओं के खातों में तीन-तीन हजार रुपये की राशि भेजी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं इस लाभ से वंचित हैं। योजना की राशि न मिलने से नाराज महिलाओं का गुस्सा सोमवार को आसनसोल में फूट पड़ा। आक्रोशित महिलाओं ने आसनसोल एसडीओ (SDO) कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में बहुसंख्या में मुस्लिम समुदाय की महिलाएं भी शामिल थीं। अन्नपूर्णा योजना की राशि न मिलने से क्षुब्ध महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। इतना ही नहीं महिलाओं ने मोदी हटाओ देश बचाओ का नारा देते हुए कहा कि मोदी को हटाओ और ममता बनर्जी को वापस लाओ। 


प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि वे अन्नपूर्णा योजना के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं और आवेदन पूरे कर चुकी हैं, इसके बावजूद उनके खातों में अब तक पैसे नहीं पहुंचे हैं। महिलाओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पात्र होने के बावजूद उन्हें अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं दी जा रही है, तो इस योजना को सभी के लिए बंद कर दिया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने राजनीतिक नारेबाजी करते हुए पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार की वापसी की मांग उठाई। सड़क अवरोध की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

Post a Comment

0 Comments