आसनसोल :- श्रीनगर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 175वीं बटालियन के जांबाज कांस्टेबल मोनू साव का दो दिन पूर्व दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। रविवार को जैसे ही वीर सपूत का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मोहिसीला पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अपने लाडले के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। 'भारत माता की जय' और 'मोनू साव अमर रहें' के नारों के साथ पूरा इलाका गमगीन माहौल में गूंज उठा। देश की सीमाओं की सुरक्षा में मुस्तैद रहे इस वीर जवान को अत्यंत सम्मान और सैन्य परंपराओं के साथ अंतिम विदाई दी गई। BSF की टुकड़ी द्वारा दिवंगत जवान को गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया गया और गन सैल्यूट (हवा में गोलियां दागकर) के साथ अंतिम सलामी दी गई।
इस दुखद समाचार की जानकारी मिलते ही आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं मंत्री अग्निमित्रा पाल ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को दिवंगत जवान के घर भेजकर परिजनों से मुलाकात कराई और इस कठिन समय में परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। स्थानीय प्रतिनिधि अनूप चटर्जी ने बताया कि मंत्री जी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और प्रशासन की ओर से पूरी सहायता का आश्वासन दिया है। अंतिम यात्रा के दौरान हर आंख नम नजर आई। मोहिसीला गांव के ग्रामीणों ने देश की रक्षा में समर्पित इस अमर सपूत को नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कर्तव्य के प्रति समर्पित इस वीर जवान का असमय चला जाना परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।





0 Comments