आसनसोल : राज्य भर में साइबर जालसाजी के खिलाफ पुलिस प्रशासन की सख्ती तेज हो गई है और कई बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो रहा है। इसी कड़ी में सोमवार सुबह से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) के अंतर्गत कुल्टी थाना के नियामतपुर हरिजन पाड़ा इलाके में बड़े पैमाने पर पुलिस की छापेमारी और तलाशी अभियान चल रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह इलाका काफी दिनों से साइबर अपराध को लेकर रडार पर था। देश भर में हुई कई साइबर ठगी की वारदातों में यहां के कुछ लोगों के शामिल होने की पुख्ता सूचना मिलने के बाद आसनसोल साइबर थाना, कुल्टी थाना और ADPC की बड़ी टीम ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया।
पुलिस की इस अचानक और तेज कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। अभियान के दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। यह गिरोह कितना बड़ा है, इसके तार कहां-कहां जुड़े हैं और ठगी का जाल कितना फैला है, इसकी पड़ताल साइबर क्राइम विभाग कर रहा है।
इस मामले पर आसनसोल भाजपा संगठनात्मक जिला के महामंत्री केशव पोद्दार ने कहा कि पहले जिस तरह साइबर अपराधियों को संरक्षण दिया जाता था, वह अब नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एक भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आम लोगों से लूटपाट करने वाले अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
0 Comments