आसनसोल :- नेशनल हाईवे 19 स्थित ओवरब्रिज की जर्जर हालत और खस्ताहाल सड़क के कारण वाहन चालकों को बेहद खतरनाक परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क कई जगहों से बुरी तरह टूट चुकी है, जिससे ढलाई में इस्तेमाल की गई लोहे की छड़ें (सरिया) बाहर निकल आई हैं। इस वजह से छोटे-बड़े सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन में न केवल भारी परेशानी हो रही है, बल्कि हर पल किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
सड़क की इस गंभीर स्थिति को देखते हुए आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेन्दू मुखर्जी ने बुधवार को स्वयं मौके पर पहुंचकर नेशनल हाईवे ओवरब्रिज का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि ओवरब्रिज की कंक्रीट सड़क किस कदर उखड़ चुकी है और बाहर निकली छड़ें किस प्रकार चालकों की जान के लिए खतरा बनी हुई हैं।
निरीक्षण के बाद विधायक कृष्णेन्दू मुखर्जी ने कहा कि उन्होंने इस समस्या को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से सीधी बातचीत की है। उन्होंने NHAI अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि आगामी 8 अक्टूबर से पहले ओवरब्रिज के सभी क्षतिग्रस्त हिस्सों का मरम्मत कार्य अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए, ताकि आम जनता और वाहन चालकों को राहत मिल सके और किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।



0 Comments