आसनसोल (राम बाबू यादव) :- बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे के बीच आसनसोल में BJP की ओर से बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। पार्टी के आसनसोल संगठनात्मक जिला कमेटी में दो बड़े बदलाव करते हुए दो प्रमुख नेताओं को जिला महासचिव के पद से मुक्त कर नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी के जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य के तरफ से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, जिला महासचिव के पद से केशव पोद्दार को मुक्त कर उनकी जगह प्रशांत चक्रवर्ती को नया जिला महासचिव नियुक्त किया गया है। इसी तरह बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के पार्टी विधायक अरिजीत राय को भी जिला महासचिव पद से मुक्त करते हुए उनके स्थान पर अमिताभ गोराई को यह दायित्व सौंपा गया है।
बीजेपी के आसनसोल संगठनात्मक जिला कमेटी के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर इस संबंध में एक पत्र जारी किया गया। बीजेपी के जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के निर्देशानुसार ये नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। इस पत्र की प्रतिलिपि प्रदेश अध्यक्ष के अलावा पश्चिम बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल और प्रदेश संगठन महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती को भी भेजी गई है। राजनीतिक दृष्टिकोण से इस बदलाव को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केशव पोद्दार राज्य के पीडब्ल्यूडी और पीएचई मंत्री डॉ. अजय पोद्दार के बेटे हैं, इसलिए उन्हें जिला महासचिव पद से हटाए जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें शुरू हो गई हैं। वहीं दूसरी ओर, विधायक अरिजीत राय को पदमुक्त किए जाने को पार्टी की 'एक व्यक्ति, एक पद' की नीति के तहत देखा जा रहा है।


0 Comments