Asansol में टोटो के दबदबे और हादसों के विरोध में मिनी बसों की हड़ताल

आसनसोल :-आसनसोल से बाराबनी के दोमोहानी मार्ग पर टोटो चालकों के बढ़ते वर्चस्व और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में मिनीबस चालकों और कंडक्टरों ने दोमोहानी बाजार में बस सेवा पूरी तरह स्थगित करने का ऐलान कर दिया है। बस चालकों का स्पष्ट कहना है कि जब तक इस मार्ग पर टोटो के अनियंत्रित परिचालन पर लगाम नहीं लगाई जाती, तब तक मिनीबसों की आवाजाही बंद रहेगी। हड़ताल की खबर फैलते ही बाराबनी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आंदोलनरत मिनीबस चालकों को समझा-बुझाकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, चालक अपनी मांगों पर अड़े रहे और तत्काल प्रभाव से बस सेवाएं बहाल करने से साफ इनकार कर दिया। 



बढ़ते तनाव और यात्रियों की असुविधा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहल करते हुए शनिवार को थाने में एक बैठक बुलाई है। इस बैठक में मिनीबस चालकों, बस मालिकों और टोटो मालिकों को आमंत्रित किया गया है, जहां टोटो के बढ़ते परिचालन और उससे उत्पन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा होगी। पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस त्रिपक्षीय बैठक में निकलने वाले समाधान के बाद ही मिनीबस सेवाओं को दोबारा शुरू करने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments