आसनसोल :- आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चित्रा मोड़ इलाके में जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से 'नेताजी सुभाषचंद्र बोस सेवा केंद्र' की शुरुआत की गई है। राज्य की शहरी विकास व नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने फीता काटकर सेवा केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत उपस्थित लोगों को मिठाई खिलाकर कार्यक्रम की आधिकारिक शुरुआत की गई। यह सेवा केंद्र पूरी तरह से आम जनता की सहायता और उनकी दैनिक समस्याओं को सुनने व दूर करने के लिए समर्पित रहेगा। चित्रा मोड़ के प्रमुख और सुगम स्थान पर स्थित होने के कारण स्थानीय निवासियों को यहां तक पहुंचने में काफी आसानी होगी।
उद्घाटन के अवसर पर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आम लोगों के साथ मजबूती से खड़े रहने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान निकालने के उद्देश्य से ही इस केंद्र की स्थापना की गई है। क्षेत्र के निवासी अपनी किसी भी प्रकार की नागरिक या व्यक्तिगत समस्या के समाधान के लिए यहां निसंकोच संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कोई पारंपरिक राजनीतिक पार्टी कार्यालय नहीं, बल्कि विशुद्ध रूप से जनसेवा के लिए समर्पित एक सेवा केंद्र है।




0 Comments