उखड़ा के झूलन मेले में सर्कस के तंबू में संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला कर्मचारी का शव

अंडाल :- अंडाल थाना क्षेत्र के के प्रसिद्ध उखड़ा झूलन मेले में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सर्कस के तंबू के भीतर से एक कर्मचारी का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। त्यौहार के माहौल में अचानक घटी इस घटना से पूरे मेला परिसर में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान नदिया जिले के बेताई गांव निवासी अनिल कुमार ठाकुर (57) के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह सर्कस के अन्य कर्मचारियों ने तंबू के अंदर उनका शव लटकता देखा और तुरंत अंडाल थाने की उखड़ा पुलिस चौकी को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

सर्कस कंपनी के प्रबंधक रथिंद्र कुमार चटर्जी ने बताया कि अनिल बाबू बेहद कुशल कारीगर थे और सर्कस के विशाल तंबू के डिजाइन व निर्माण का काम संभालते थे। वे हाल ही में नदिया से आकर इस टीम में शामिल हुए थे। प्रबंधक के अनुसार, सोमवार रात साढ़े आठ बजे तक अनिल बाबू ने सामान्य रूप से सभी के साथ काम किया था, जिसके बाद यह हादसा सामने आया।

रात तक सामान्य रूप से काम करने वाले व्यक्ति की अचानक इस तरह मौत होने से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसको लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना के बाद सर्कस टीम और मेला क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Post a Comment

0 Comments